– बाल अधिकार, पॉक्सो एक्ट, नशामुक्ति और साइबर अपराधों की दी जानकारी
हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सतीपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की थीम ‘सुरक्षित स्थान जहां सपनों को पंख मिलते हैं’ रही। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और नि:शुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अधिवक्ता एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल आयुष हिसारिया, न्याय विभाग के कनिष्ठ सहायक मुकुंद ओझा तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अधिकार मित्र शबनम मौजूद रहीं। मुख्य अतिथि गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार, पॉक्सो एक्ट, नशामुक्ति और साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय ऐसा सुरक्षित स्थान है, जहां बच्चों के सपनों को पंख मिलते हैं। प्रत्येक नागरिक के लिए कानून की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वह अपने अधिकारों को समझने के साथ उनका उचित उपयोग कर सके। विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों को नि:शुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कानूनी जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गुरदयाल मेहरड़ा, उप प्रधानाचार्य लोकेश, व्याख्याता मंजू गोयल, स्टाफ सदस्य माडूराम, दयाराम, माया, मधु, हरदीप, राजबाला, सरिन्द्र, सुमित्रा, रजनी, रेणु, आकांशा, विक्रम और सविता सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।
