ऐलनाबाद। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) फैसल खान ने बरनाला रोड स्थित पुलिस लाइन के प्रशासनिक भवन में जिला के पेट्रोल पंप संचालकों, स्वर्णकारों तथा पुलिस पब्लिक कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान एएसपी फैसल खान ने उपस्थित लोगों को सुरक्षा के दृष्टिकोण से कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों और स्वर्णकारों से अपने प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने तथा उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके और अपराध की घटनाओं को रोका जा सके। एएसपी ने कहा कि सिरसा पुलिस आमजन की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सजग है, लेकिन प्रतिष्ठानों पर सतर्कता भी उतनी ही आवश्यक है।

उन्होंने सुझाव दिया कि सभी संचालक संबंधित थाना प्रभारियों के साथ मिलकर व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाई जा सके और समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि सिरसा पुलिस द्वारा पेट्रोल पंपों, बैंकों और एटीएम के आसपास गश्त बढ़ा दी गई है। पीसीआर और राइडर टीमें 24 घंटे लगातार गश्त कर रही हैं, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। एएसपी फैसल खान ने पुलिस पब्लिक कमेटी के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस और जनता एक-दूसरे के पूरक हैं। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से नशे और अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की, ताकि समाज को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाया जा सके। बैठक के दौरान पुलिस पब्लिक कमेटी के पदाधिकारियों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव एएसपी के समक्ष रखे। एएसपी फैसल खान ने कुछ समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया, जबकि अन्य समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर डीएसपी संजीव बल्हारा, कल्याण निरीक्षक सीमा सोढ़ी सहित पुलिस पब्लिक कमेटी के सदस्य भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
