हनुमानगढ़। राजस्थान पेंशनर समाज जिला शाखा हनुमानगढ़ टाउन की ओर से ‘काला दिवस’ मनाते हुए जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर पेंशनर समाज की विशेष बैठक प्रातः 10 बजे पेंशनर हाल में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने भाग लिया। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार द्वारा 25 मार्च 2025 को प्रस्तुत एवं पारित किए गए विधेयक के कानून बनने के विरोध में पेंशनर समाज ने 25 मार्च 2026 को काला दिवस मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि नए विधेयक में 31 दिसंबर 2025 तक सेवानिवृत्त होने वाले पेंशनरों और 1 जनवरी 2026 के बाद सेवानिवृत्त होने वाले पेंशनरों के बीच भेदभाव किया गया है। इसके तहत पुराने पेंशनरों की पेंशन में कटौती का प्रावधान किया गया है, जिसे पेंशनर समाज ने अन्यायपूर्ण बताया है। बैठक के बाद सभी पेंशनर्स ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया और नारे लगाते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। वहां पेंशनर्स ने प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा और अपनी मांगों से अवगत कराया। पेंशनर समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि अखिल भारतीय पेंशनर समाज के आह्वान पर देशभर में 25 मार्च को काला दिवस मनाते हुए प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजे जा रहे हैं, ताकि इस कानून पर पुनर्विचार किया जा सके और पेंशनरों के हितों की रक्षा हो सके। जिला कलेक्टर ने पेंशनर समाज का ज्ञापन प्राप्त करते हुए आश्वासन दिया कि इसे प्रधानमंत्री तक प्रेषित कर दिया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान ओमप्रकाश महेश्वरी, सुरेंद्र कुमार शर्मा, मोहनलाल वर्मा, अखिलेश कुमार कौशिक, रमेश कुमार कौशिक, हरिश्चंद्र महला, जसविंदर सिंह गिल, अजीत सिंह शेखावत, राजाराम मूंढ, सुरेश कुमार गुप्ता, सुरेंद्र कुमार गांधी, सांवरमल शर्मा, कद्दू राम मित्तल, नोप सिंह यादव, लूणकरण पारीक, ओमप्रकाश बगला, हनुमान राम विश्नोई, मोहनलाल गोदारा, जगदीश कुमार शर्मा, जगदीश सिद्धप, सीताराम कायथ, पृथ्वीराज किलानिया, सुरेश सिंह शेखावत, सुरेंद्र मोहन कटारिया, जगदीश चंद्र खेरवा, राधेश्याम गोरा, राजेंद्र कुमार बंसल सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे। इस दौरान पेंशनर्स ने सरकार से मांग की कि पेंशन संबंधी प्रावधानों में किसी प्रकार का भेदभाव समाप्त किया जाए और सभी पेंशनरों को समान लाभ प्रदान किया जाए।
