हनुमानगढ़। ठंडी छांव निशुल्क लंगर सेवा समिति एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कुपोषण मुक्त राजस्थान अभियान के अंतर्गत निशुल्क फल एवं हरी सब्जियों का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान तरबूज, पालक, धनिया, हरी पत्तेदार गोभी सहित विभिन्न पौष्टिक फल-सब्जियां जरूरतमंद लोगों को वितरित की गईं। इस अवसर पर भाजपा नेता प्रदीप एरी, महिला एवं बाल विकास विभाग की अधिकारी सुनीता, ठंडी छांव के अध्यक्ष दीपक खन्ना तथा संतोष खन्ना उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कुपोषण के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों और महिलाओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान छोटे बच्चों को केले सहित अन्य फल भी वितरित किए गए। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के सामाजिक कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में कुपोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जरूरतमंद परिवारों तक पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है।
