रावतसर। कस्बे में 30 मार्च 2026 को प्रस्तावित राम नवमी शोभा यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक श्री नरेन्द्र सिंह मीना ने मंगलवार को रावतसर पहुंचकर शोभा यात्रा के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने शोभा यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा प्रबंध तथा संवेदनशील स्थानों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शोभा यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

इस अवसर पर वृत्ताधिकारी (सीओ) रावतसर सुभाष गोदारा, पुलिस थाना रावतसर के थानाधिकारी ईश्वरानंद सहित पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। अधिकारियों ने शोभा यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की।

