हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। इसके तहत विभिन्न सर्किलों में गश्त अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए जिम्मेदारियां तय की गई हैं। जारी आदेशों के अनुसार सेक्टर हनुमानगढ़ में सुपरवाइजर चेकिंग अधिकारी के रूप में श्रीमती मोनिका (पुलिस निरीक्षक) को नियुक्त किया गया है, जो पुलिस नियंत्रण कक्ष से समन्वय स्थापित करेंगी। वहीं सर्किल हनुमानगढ़ में राकेश सांवला (पुलिस निरीक्षक) तथा सर्किल संगरिया में राधेश्याम (उप निरीक्षक) को रात्रिकालीन गश्त का दायित्व सौंपा गया है। इसी प्रकार सेक्टर नोहर में सुपरवाइजर चेकिंग अधिकारी के रूप में सुभाष चंद्र (आरपीएस, सीओ नोहर) को जिम्मेदारी दी गई है। उनके अधीन सर्किल रावतसर में मांगेाराम, सर्किल नोहर में रामपाल तथा सर्किल भादरा में कुंजीलाल को गश्त अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी इस व्यवस्था का उद्देश्य रात्रि के समय अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। इसके साथ ही सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या हेल्पलाइन नंबरों पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
