हनुमानगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा व अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नोहर थाना प्रभारी अजय गिरधर के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार देर रात्रि को गश्त के दौरान नोहर कस्बे में सोती रोड के नजदीक व बस डिपो के पास से अकबर (30) पुत्र आमीन पठान निवासी इन्द्रा कॉलोनी, नोहर को 7.94 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच फेफाना थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अजय गिरधर के अलावा हेड कांस्टेबल विजय कुमार, कांस्टेबल कुलदीप, प्रमोद कुमार, रमेश कुमार एवं सुरेश कुमार शामिल रहे।
