हनुमानगढ़। राजकीय आत्मनिर्भर मां भद्रकाली मंदिर में चल रहे चैत्र नवरात्र मेले में गुरुवार को अष्टमी के मौके पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में राजस्थान सहित अन्य राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां भद्रकाली के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं। अष्टमी के दिन श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में कंजक पूजन भी किया। वहीं मेले का विसर्जन शुक्रवार को नवमी के दिन होगा, जिस दिन और अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना है। भद्रकाली मेले में उमड़ती श्रद्धा और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते इस बार श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन के साथ सुविधाजनक माहौल मिल रहा है। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए देवस्थान विभाग की ओर से इस बार बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। पिछले वर्षांे के अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार सुविधाओं को और सुदृढ़ किया गया है। इस बार मेला स्थल पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, ताकि दूर खड़े श्रद्धालु भी आसानी से मां के दर्शन कर सकें और कोई भी श्रद्धालु दर्शन से वंचित न रहे।

मंदिर परिसर में आठ स्थायी शौचालय बनाए गए हैं, वहीं झूला क्षेत्र में चल शौचालय की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर पेयजल के लिए टैंकर भी लगाए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जंक्शन व टाउन क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए चार अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए इस बार ढालिया मार्ग से वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था भी की गई है। देवस्थान विभाग के सहायक लेखाधिकारी अजय धूड़िया ने बताया कि नवमी के दिन मंदिर में विधिवत हवन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

