– बारिश में हालात बदतर, बीमारियों का खतरा मंडराया
हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित बाबा कपूर सिंह कॉलोनी के निवासी लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं। कॉलोनी में पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। कॉलोनी निवासी पुनीत गुप्ता ने बताया कि वे पिछले करीब दस वर्षांे से यहां रह रहे हैं, लेकिन आज तक न तो पानी निकासी की व्यवस्था विकसित की गई और न ही कचरा निस्तारण की। कॉलोनी में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है, जिससे आमजन का जीना दूभर हो गया है।

बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। कई-कई दिनों तक पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना रहता है। पानी निकासी के अभाव में लोगों को मजबूरन घरों का गंदा पानी खुले प्लॉटों में छोड़ना पड़ रहा है। कॉलोनी में पीने के पानी की भी नियमित व्यवस्था नहीं है। वहीं, सड़कों की हालत जर्जर हो चुकी है और उनका स्तर भी नीचे चला गया है, जिससे जलभराव की समस्या और बढ़ रही है। कॉलोनी में बने मकानों के पट्टे तक जारी नहीं किए गए हैं। यहां आवासीय मकानों के साथ-साथ कई दुकानें भी संचालित हो रही हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में सभी प्रभावित हो रहे हैं।
प्रशासन व कॉलोनाइजर पर आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं कॉलोनाइजर पर भी कॉलोनी को अधूरा छोड़ने का आरोप लगाया जा रहा है।

कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी निकासी की उचित व्यवस्था की जाए, सड़कों का सुधार किया जाए और सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
