हनुमानगढ़। जंक्शन के सेक्टर 12 स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय प्रशासन ने सघन अभियान चलाते हुए चार टीमें गठित की हैं, जो यूसीओ परिक्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। प्रधानाचार्य सुनीता यादव ने बताया कि टीमों द्वारा प्रत्येक घर का सर्वे किया जा रहा है और एप के माध्यम से ऑनलाइन डाटा संकलन किया जा रहा है। शुक्रवार को टीम में शामिल 25 प्रतिशत स्टाफ ने हाउस होल्ड सर्वे किया, जिसका सकारात्मक असर भी सामने आ रहा है। विद्यालय में कॉमर्स, साइंस, एग्रीकल्चर और आर्ट्स संकाय संचालित हैं। आर्ट्स में भी विद्यार्थियों के लिए कई ऐच्छिक विषय उपलब्ध हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि कक्षा 10वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम भी इस बार उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का प्रवेश पीएम श्री विद्यालय में करवाएं, ताकि उन्हें बेहतर शिक्षा और सर्वांगीण विकास का अवसर मिल सके। विद्यालय में बाल वाटिका भी संचालित है, जिसमें नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी कक्षाओं के लिए 25-25 सीमित सीटें निर्धारित की गई हैं।
