नोहर। शहीद भगत सिंह महाविद्यालय नोहर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की विभिन्न खेल टीमों में स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कोच योगेश राव ने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय की विभिन्न खेल टीमों में महाविद्यालय के खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इनमें नेटबॉल में मुस्कान व मनप्रीत कौर, बैडमिंटन में सुनील व विकास, हॉकी में प्रवीण कुमार व राहुल, खो-खो पुरुष वर्ग में दिनेश कुमार तथा महिला वर्ग में कोमल सहारण का चयन हुआ है। इसके अलावा बेस्ट फिजिक में साहिल कुमार, क्रॉस कंट्री में राकेश कुमार और रेसलिंग में श्याम सुंदर ने भी अपनी जगह बनाई है। महाविद्यालय निदेशक सतपाल वर्मा ने खुशी जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों का यूनिवर्सिटी स्तर पर चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। प्राचार्य काशीराम सिहाग ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इसे उनकी मेहनत का परिणाम बताया। खेल प्रभारी मांगीलाल भाटी ने बताया कि महाविद्यालय की टीम ने इस बार विभिन्न खेलों में अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिताओं में भाग लिया था, जिसमें शानदार प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप एवं वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। खो-खो के चयनित खिलाड़ी 2 अप्रैल से महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। इस अवसर पर महाविद्यालय निदेशक सतपाल वर्मा, संरक्षक नंदलाल वर्मा, प्राचार्य काशीराम सिहाग, राजू सिंह दहिया, राजेश बराला, मांगीलाल भाटी, नरसिंह गोदारा, योगेश राव, मोनिका सांखला, फारूक खान, तुलसी देवी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने चयनित खिलाड़ियों का स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
