रावतसर। क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक संस्था श्री कृष्ण गौशाला सेवा समिति की कार्यकारिणी का पुनर्गठन सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर गो सेवा को समर्पित भाव के साथ नई टीम का गठन किया गया, जिसमें समाज के सक्रिय एवं समर्पित व्यक्तियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यकारिणी गठन के तहत भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष एवं निवर्तमान गोशाला कोषाध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा, सोहन लाल राठौड़ तथा सरपंच प्रतिनिधि सार्दुल सिंह बिजारणियां को गोशाला का संरक्षक नियुक्त किया गया। इनके अनुभव और मार्गदर्शन से समिति को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई। नई कार्यकारिणी में समुंद्र सिंह सूडा को अध्यक्ष, रामकुमार लूहार को सचिव तथा चानणराम चौहान को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कृष्ण गोदारा और वेदप्रकाश स्वामी को उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा 13 समर्पित गोभक्तों को सदस्य के रूप में शामिल कर समिति को और अधिक मजबूत बनाया गया है। कार्यकारिणी के गठन के बाद सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने गो सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। निवर्तमान कोषाध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि गौशाला का संचालन केवल पदाधिकारियों के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज के सहयोग की आवश्यकता होती है। उन्होंने अपने कार्यकाल को याद करते हुए गौ सेवा का अवसर मिलने पर समिति का आभार व्यक्त किया और सभी से मिलकर इस पुनीत कार्य को आगे बढ़ाने की अपील की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि समाज की नैतिक जिम्मेदारी भी है। नई कार्यकारिणी से उम्मीद जताई गई कि वह गौशाला के विकास, संरक्षण और सेवा के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेगी। श्री कृष्ण गौशाला सेवा समिति का यह पुनर्गठन केवल पदों का वितरण नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और समाज के सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
