हनुमानगढ़। राजस्थान परिवहन निगम ने अपनी बसों में अवैध लगेज व पार्सल के परिवहन पर सख्ती शुरू कर दी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निगम ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में हाल ही में एक बस से अवैध पार्सल पकड़े जाने का मामला सामने आया है। राजस्थान परिवहन निगम के मुख्य प्रबंधक हामिद अली ने बताया कि निगम को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि बसों में नियमों के विरुद्ध अवैध लगेज व पार्सल का परिवहन किया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए स्टाफ को सख्त निर्देश दिए गए कि ऐसी गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जाए।

उन्होंने बताया कि केन्द्रीय निरीक्षण दल की ओर से भी समय-समय पर जांच के दौरान ऐसे मामले पकड़े गए हैं। इस क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों का प्रचलन रहा है, लेकिन निगम अब पूरी तरह सतर्क है और लगातार निगरानी बढ़ा दी गई है। अभियान के तहत हाल ही में एक रोडवेज बस से अवैध रूप से ले जाए जा रहे सात पार्सल जब्त किए गए। इनमें कुछ वाणिज्यिक तो कुछ निजी सामान शामिल था। इस मामले में 16400 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही इसमें संलिप्त स्टाफ के खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

मुख्य प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक अवैध पार्सल परिवहन पर पूरी तरह रोक नहीं लग जाती। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि बिना यात्री के किसी भी पार्सल को रोडवेज बस में नहीं भेजें। उन्होंने बताया कि वैध पार्सल केवल अधिकृत पार्सल एजेंसी के माध्यम से ही भेजा जा सकता है, जहां स्कैनिंग और बिल्टी जैसी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परिवहन किया जाता है। इससे सुरक्षा सुनिश्चित रहती है। उन्होंने चेताया कि कई बार इस तरह के अवैध पार्सल में खतरनाक या मादक पदार्थ भी हो सकते हैं, जिससे यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है। ऐसे में निगम यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।

