हनुमानगढ़। रोडवेज यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की दिशा में हनुमानगढ़ डिपो को पांच नई बसें आवंटित हुई हैं। इसके साथ ही डिपो के बस बेड़े में बढ़ोतरी हुई है। यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन बसों का संचालन 1 अप्रैल से नए मार्गांे पर किया जाएगा। हनुमानगढ़ से सीकर के बीच सेमी डीलक्स नॉन एसी नॉनस्टॉप बस सेवा शुरू की जाएगी। यह बस सुबह 6.30 बजे हनुमानगढ़ से रवाना होकर 11.30 बजे सीकर पहुंचेगी। वापसी में यह बस अपराह्न 3.10 बजे सीकर से चलकर रात 8 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेगी। इस रूट पर किराया 365 रुपए निर्धारित किया गया है, जबकि महिला व वरिष्ठ नागरिकों के लिए 195 रुपए रहेगा। 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क यात्रा सुविधा मिलेगी। हनुमानगढ़ डिपो की ओर से श्रीगंगानगर से खाटू श्याम जी के लिए भी बस सेवा शुरू की जा रही है। यह बस श्रीगंगानगर से सुबह 9.15 बजे रवाना होकर हनुमानगढ़ जंक्शन 10.50 व टाउन 11.05 बजे होते हुए शाम 6.30 बजे खाटू श्याम जी पहुंचेगी। वापसी में बस सुबह 8 बजे खाटू से चलकर शाम 4 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेगी। हनुमानगढ़ जंक्शन से किराया 380 रुपए तथा महिला व वरिष्ठ नागरिकों के लिए 205 रुपए निर्धारित है। वाहनों की कमी के चलते बंद पड़ी अबोहर-सालासर बस सेवा को भी फिर से शुरू किया जा रहा है। यह बस दोपहर 2.15 बजे हनुमानगढ़ जंक्शन से रवाना होकर रात 8 बजे सालासर पहुंचेगी। वापसी में सुबह 6.15 बजे सालासर से चलकर दोपहर 12.30 बजे हनुमानगढ़ पहुंचेगी। इस रूट पर किराया 275 रुपए तथा महिला व वरिष्ठ नागरिकों के लिए 150 रुपए रहेगा। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार हनुमानगढ़ से सीकर के लिए अब तक नॉनस्टॉप नॉन एसी बस सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जो अब शुरू हो रही है। वहीं सालासर व खाटू श्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा।
