हनुमानगढ़। महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला आत्मरक्षा कौशल प्रशिक्षण एवं साइबर अपराध जागरूकता शिविर का शुभारंभ 30 मार्च सोमवार से किया जाएगा। यह शिविर हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में आयोजित होगा। समिति की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने बताया कि शिविर के दौरान राजस्थान महिला पुलिस के प्रशिक्षकों द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न दांव-पेच सिखाए जाएंगे। साथ ही साइबर विशेषज्ञों द्वारा बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के तरीके और सतर्कता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बेटियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे किसी भी आपातकालीन स्थिति में बिना घबराए अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें। आत्मरक्षा की तकनीक सीखने से छात्राओं में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत होगी, जो उनके भविष्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। यह प्रशिक्षण शिविर प्रतिदिन महाविद्यालय समयानुसार सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा और इसकी अवधि सात दिन की रहेगी। महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल के नेतृत्व में पिछले कई वर्षों से महिला पुलिस के सहयोग से विद्यालयों और महाविद्यालयों में समय-समय पर सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण और साइबर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है। समिति का उद्देश्य समाज में महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।
