श्रीगंगानगर। शहर के प्रमुख स्थल गोल बाजार स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्किल की बदहाल स्थिति को लेकर सोमवार को दलित एक्शन कमेटी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सर्किल की व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान दलित एक्शन कमेटी के कार्यकर्ता बंटी वाल्मीकि ने कहा कि गोल बाजार स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्किल शहर का प्रमुख और आकर्षण का केंद्र है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और बाहर से आने वाले आगंतुक घूमने और समय बिताने के लिए पहुंचते हैं। लेकिन लंबे समय से इस सर्किल की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्किल में लगा म्यूजिकल फाउंटेन और म्यूजिक सिस्टम लंबे समय से बंद पड़ा है, जिसके कारण यहां आने वाले लोगों को निराशा का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही सर्किल में नियमित साफ-सफाई भी नहीं हो रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। सर्किल में लगे पौधों की भी उचित देखभाल नहीं की जा रही, जिससे हरियाली भी प्रभावित हो रही है। वाल्मीकि ने कहा कि प्रशासन की अनदेखी के कारण शहर की पहचान माने जाने वाले इस स्थल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने मांग की कि अंबेडकर सर्किल पर बंद पड़े म्यूजिकल फाउंटेन और म्यूजिक सिस्टम को तुरंत ठीक कराया जाए, नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और सर्किल के रखरखाव के लिए स्थायी रूप से कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए। प्रदर्शन के बाद दलित एक्शन कमेटी के कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सर्किल की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो संगठन को मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि शहर के महत्वपूर्ण स्थलों की देखभाल प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
