जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार शाम जयपुर स्थित ओटीएस के भगवत सिंह मेहता सभागार में आयोजित कार्यक्रम में ‘भारत टैक्सी’ को हरी झंडी दिखाकर आधिकारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कंपनी ने दावा किया कि भारत टैक्सी के जरिए यात्रियों को ओला और उबर की तुलना में 10 से 15 प्रतिशत तक सस्ती राइड उपलब्ध होगी। साथ ही, पीक ऑवर में लागू होने वाली सर्ज प्राइसिंग भी नहीं ली जाएगी, जिससे यात्रियों को हर समय एक समान किराए का लाभ मिलेगा। कंपनी के अनुसार, हाल ही में जयपुर में भारत टैक्सी का कस्टमर मोबाइल एप भी लॉन्च किया गया है। इसके माध्यम से 11 किलोमीटर तक की यात्रा पर ग्राहकों को करीब 25 रुपए तक की बचत होगी। कंपनी ने स्वयं को देश का सबसे बड़ा सहकारी मोबिलिटी प्लेटफॉर्म बताते हुए कहा कि इसमें ड्राइवर केवल सर्विस प्रोवाइडर नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म के भागीदार होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम दक सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान भारत टैक्सी से जुड़े चालक राजेश ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पिछले दो महीने से कंपनी के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले ओला और उबर जैसी कंपनियों में पार्टनर होने के बावजूद विभिन्न प्रकार के कमीशन कटने से आय प्रभावित होती थी। जबकि भारत टैक्सी में उन्हें “सारथी” के रूप में जोड़ा गया है और अन्य कंपनियों की तुलना में करीब 20 प्रतिशत अधिक कमाई हो रही है। राजेश के अनुसार, फिलहाल शहर के भीतर उन्हें नियमित राइड मिल रही हैं, हालांकि आउटर एरिया में अभी कुछ दिक्कतें हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें प्रतिदिन औसतन 10 से 12 राइड मिल जाती हैं, जिससे उनकी आय पहले की अपेक्षा बेहतर हुई है।
