– जिला परिषद के 37 जोन के लिए मिले करीब 102 आवेदन, सर्वे के आधार पर जिताऊ प्रत्याशियों को प्राथमिकता
हनुमानगढ़। पंचायत चुनाव 2026 को लेकर भाजपा ने जिले में टिकट वितरण की कवायद तेज कर दी है। जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में पंचायत स्तर पर प्रभारी नियुक्त कर इच्छुक प्रत्याशियों से आवेदन लिए जा रहे हैं। पंचायत समिति के 208 ब्लॉक और जिला परिषद के 37 जोन के लिए अब तक 215 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें जिला परिषद के 37 जोन के लिए करीब 102 आवेदन शामिल हैं। आवेदनों पर विचार-विमर्श और आपसी सामंजस्य के लिए 19 अक्टूबर को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक होगी। पंचायत चुनाव के लिए भाजपा के जिला संयोजक नियुक्त किए गए आशीष पारीक ने बताया कि पार्टी की ओर से विस्तृत सर्वे भी करवाया गया है, ताकि जीतने की स्थिति वाले उम्मीदवारों की पहचान की जा सके। पार्टी की विचारधारा से जुड़े और जनता के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले जिताऊ प्रत्याशियों को टिकट देने में प्राथमिकता दी जाएगी। आशीष पारीक ने कहा कि भाजपा एक बड़े परिवार की तरह है। परिवार बढ़ने के साथ टिकट मांगने वालों की संख्या भी बढ़ती है। पार्टी सभी आवेदनों की छंटनी कर जनता के लिए सबसे उपयुक्त उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी। किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा और सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पार्टी से अपेक्षाएं रहती हैं। वे लंबे समय तक संगठन के लिए काम करते हैं और फिर जनता की सेवा करना चाहते हैं, लेकिन टिकट एक ही व्यक्ति को दिया जा सकता है। ऐसे में सभी दावेदारों को बैठाकर सामंजस्य बनाने की कोशिश होगी, ताकि टिकट नहीं मिलने पर भी कार्यकर्ता पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ें। नगर निकाय चुनाव में भी भाजपा ने इसी तरह सामंजस्य बनाने का प्रयास किया था। पार्टी के वरिष्ठ नेता इस दिशा में जुटे हुए हैं।
सभी पंचायत समितियों में बोर्ड बनाने का दावा
पारीक ने कहा कि पंचायत समितियों के दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दे रहा है। इससे लग रहा है कि भाजपा सभी पंचायत समितियों में अपना बोर्ड बनाने की स्थिति में है। उन्होंने दावा किया कि जिले की सभी पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान और जिला परिषद में जिला प्रमुख भी भाजपा का ही बनेगा।
निर्दलीय विधायक पर मुकदमों को लेकर यह कहा
निर्दलीय विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमों से जुड़े सवाल पर पारीक ने कहा कि भाजपा किसी पर मुकदमे नहीं करवा रही है। कानून अपना काम कर रहा है और इसमें पार्टी की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा कि जिसने जैसा कार्य किया है, उसका परिणाम कभी न कभी सामने आता है। पारीक ने कहा कि भाजपा सुशासन में विश्वास रखने और पार्टी पर भरोसा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ खड़ी है।
