हनुमानगढ़। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की पहल पर जिले के विद्यालयों में कन्या पूजन अभियान शुरू किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नारी सम्मान, बालिका सुरक्षा और सामाजिक समरसता के संस्कार विकसित करना है। अभियान के तहत शनिवार को चक 16 एमडी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में महासंघ के जिलाध्यक्ष मनमोहन शर्मा के नेतृत्व में कन्या पूजन किया गया। मनमोहन शर्मा ने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नारी सम्मान और संवेदनशीलता के संस्कार विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने कन्या पूजन के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों, अहंकार त्याग, आत्मशुद्धि, व्रत की पूर्णता, सुख-समृद्धि, सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक सद्भाव जैसे विषयों की जानकारी दी। विद्यालय की संस्था प्रधान दर्शना रानी ने कहा कि नारी सम्मान केवल कन्या पूजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे अपने विचारों, व्यवहार और आचरण का हिस्सा बनाना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने कक्षा एक से पांच तक की बालिकाओं के चरण धोकर, तिलक लगाकर और रक्षा सूत्र बांधकर विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद कन्याओं का मुंह मीठा करवाया गया और फल वितरित किए गए। विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री भी दी गई। इस मौके पर विद्यालय स्टाफ ने बच्चों को प्रेरित करते हुए नारी सम्मान और सामाजिक सद्भाव के महत्व को समझाया। साथ ही प्रतिवर्ष इस प्रकार के आयोजन करने का संकल्प लिया।
