पीलीबंगा। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा आगामी 23 अगस्त को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले कार्यकर्ता महासम्मेलन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस महासम्मेलन में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
महासम्मेलन की तैयारियों के तहत बसपा नेताओं ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए विभिन्न गांवों में बैठकें आयोजित कीं। अभियान का नेतृत्व लोकसभा जोन प्रभारी सीताराम सीला, जिला अध्यक्ष महावीर सहजीपुरा, पीलीबंगा प्रभारी कालूराम पटीर तथा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रामगोपाल परिहार ने किया।
इस दौरान खरलियां, लिखमीसर, थिराजवाला, 5 एसजीआर, बिलोचांवाली, सरांवाला, सुंदरसिंहवाला, लखासर तथा पीलीबंगा सहित विभिन्न स्थानों पर बैठकें आयोजित कर सेक्टर कमेटियों का गठन किया गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और महासम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में जयपुर पहुंचने का आह्वान किया।
बैठकों में संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा महासम्मेलन को सफल बनाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। बसपा पदाधिकारियों ने कहा कि महासम्मेलन संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगा और प्रदेश में पार्टी को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
