– जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन में शामिल होने जा रहे थे समर्थकों के साथ; सरकार पर तानाशाही रवैये का लगाया आरोप
नोहर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन में शामिल होने जा रहे नोहर क्षेत्र के प्रधान सोहन ढिल को शुक्रवार दोपहर पुलिस ने रास्ते में रोककर थाने ले गई। उनके साथ मौजूद समर्थकों को भी हिरासत में लेकर निगरानी में रखा गया। जानकारी के अनुसार प्रधान सोहन ढिल शुक्रवार दोपहर अपने गांव भुकरका से समर्थकों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। दिल्ली पहुंचने से पहले ही पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद उन्हें वाहन से उतारकर थाने ले जाया गया, जबकि उनके साथ मौजूद समर्थकों को भी पुलिस निगरानी में रखा गया। थाने ले जाए जाने के बाद प्रधान सोहन ढिल ने मीडिया से बातचीत में सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी नागरिक का दिल्ली जाना कोई अपराध नहीं है, फिर भी पुलिस उन्हें रोक रही है। उनके अनुसार सरकार पुलिस के माध्यम से छात्रों की आवाज दबाने और आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब सरकार की नीतियों को समझ चुका है और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वह जल्द ही दोबारा दिल्ली जाने का प्रयास करेंगे। इस दौरान उनके साथ सरपंच एवं प्रशासक राधेश्याम सहारण, छात्र नेता मोहन सुथार, संजय ढिल, पिंकू चौधरी सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का माहौल है।
