हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ क्षेत्र के गांव डबलीराठान में शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी की जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। इस दौरान जैबुन को पार्टी का जिला सचिव नियुक्त किया गया। नियुक्ति पत्र सौंपते हुए आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रेवंत राम पंवार ने विश्वास व्यक्त किया कि जैबुन पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं मान्यवर कांशीराम के विचारों और मिशन को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगी। उन्होंने समाज को संगठित कर सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। नवनियुक्त जिला सचिव जैबुन ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज को जोड़ने के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता से कार्य करेंगी। इस अवसर पर कालू खां ने नवनियुक्त जिला सचिव का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन विस्तार को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
