-महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम, कॉलेज में 7 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू
हनुमानगढ़। महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर तथा जागरूक बनाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति की ओर से सोमवार को बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में महिला कौशल प्रशिक्षण एवं साइबर अपराध जागरूकता शिविर का शुभारंभ किया गया। सात दिवसीय इस शिविर में छात्राओं को आत्मरक्षा तकनीकों के साथ-साथ साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष जितेंद्र गोयल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सीआई संतोष ढाका और पार्षद अंजना जैन शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने की। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि जितेंद्र गोयल ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के लिए आत्मरक्षा के गुर सीखना अत्यंत आवश्यक हो गया है। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने छात्राओं से इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि संतोष ढाका ने महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से महिलाओं और आमजन में आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए छात्राओं को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। समाजसेवी सुमन चावला ने कहा कि आधुनिक दौर में जहां विकास और तकनीक तेजी से बढ़ रही है, वहीं कुछ युवा नशे की लत में पड़कर अपनी जिम्मेदारियों को भूल रहे हैं। ऐसे समय में महिलाओं और बेटियों को आत्मनिर्भर बनते हुए अपनी सुरक्षा के प्रति स्वयं सजग रहना होगा। समिति की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं, लेकिन इसके साथ ही उन्हें कई चुनौतियों का सामना भी करना पड़ता है। ऐसे में आत्मरक्षा प्रशिक्षण उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है।

उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सावधानी बरतने पर जोर दिया। कार्यक्रम में बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज के प्राचार्य परमानंद सैनी, समिति की संरक्षक प्रोफेसर सुमन चावला, दर्शना अग्रवाल, एडवोकेट मंजुला गर्ग, बृज किशोर तिवारी, सुभाष गर्ग, श्याम सुंदर बंसल, कोमल कुमार अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा समिति के सलाहकार अमृत गोयल, मोहित बलाडिया, उपाध्यक्ष अनुपमा विजय, कोषाध्यक्ष रेखा बंसल, सचिव मोनिका जिंदल, संगठन मंत्री वनिता सिंगला, सह संगठन मंत्री लीजा गोयल, सोनू अग्रवाल तथा बड़ी संख्या में सदस्य, कॉलेज स्टाफ और छात्राएं मौजूद रहीं। आयोजकों के अनुसार शिविर के दौरान महिला पुलिस प्रशिक्षक और मास्टर ट्रेनर द्वारा छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में स्वयं की रक्षा कर सकें। यह प्रशिक्षण शिविर छात्राओं के लिए उपयोगी साबित होगा और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
