जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। पेट्रोलियम कंपनियों ने मंगलवार देर रात कीमतों की समीक्षा के बाद 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 195 रुपए बढ़ा दिए हैं। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। इसके साथ ही इस साल कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में यह पांचवीं बढ़ोतरी है। नई रेट लिस्ट के अनुसार अब 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 1911 रुपए की जगह 2106 रुपए में मिलेगा। कीमतों में इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा। कारोबारियों का कहना है कि बार-बार दाम बढ़ने से संचालन लागत बढ़ रही है और इसका असर आम ग्राहकों तक भी पहुंच सकता है। राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया कि पेट्रोलियम कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की नई दरें जारी कर दी हैं। इसके तहत प्रदेश में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर पर 195 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि इस साल की शुरुआत से ही सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार मार्च महीने में भी कंपनियों ने दो बार कीमतों में इजाफा किया था। मार्च में पहले 27.50 रुपए और बाद में 114 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ाए गए थे। इससे पहले जनवरी में 111 रुपए और फरवरी में 49.50 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी। इस तरह साल 2026 की शुरुआत से अब तक कॉमर्शियल गैस सिलेंडर करीब 497 रुपए तक महंगा हो चुका है। इस बीच प्रदेश में एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत भी बनी हुई है। बताया जा रहा है कि ईरान-इजरायल के बीच चल रहे तनाव के बाद मार्च से गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके कारण बाजार में कॉमर्शियल और घरेलू दोनों तरह के सिलेंडरों की उपलब्धता पर असर पड़ा है। कई व्यापारियों का कहना है कि पर्याप्त सप्लाई नहीं मिलने के कारण उन्हें कई बार सिलेंडर ब्लैक में खरीदने पड़ रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू उपयोग के एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडर 916.50 रुपए में ही मिल रहा है। हालांकि पिछले महीने गैस की कमी के चलते घरेलू सिलेंडर के दाम में 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और सप्लाई की स्थिति के आधार पर आने वाले समय में कीमतों में और बदलाव संभव है।
