हनुमानगढ़। लॉयंस क्लब हनुमानगढ़ सिटी के सदस्य राजेश दादरी ने गुरुवार को अपना जन्मदिन टाउन के सिकलीगर मोहल्ला स्थित सरकारी स्कूल में बेटियों के साथ स्नेह और आत्मीयता के साथ मनाया। यह आयोजन केवल व्यक्तिगत उत्सव नहीं रहा, बल्कि सेवा, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बन गया। समारोह की शुरुआत में राजेश दादरी ने नन्हीं बेटियों के साथ मिलकर केक काटा और पेस्ट्री वितरित की। दादरी परिवार ने बच्चियों के साथ समय बिताया, उनकी इच्छाओं और सपनों को जाना और उन्हें प्रेरित किया। जन्मदिन समारोह को और अधिक सार्थक बनाने के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी अपनाओ मुहिम के तहत दादरी परिवार ने सभी बेटियों को स्कूल बैग, किताबें और स्टेशनरी सामग्री वितरित की। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की। बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक प्रेमाराम ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बेटियों में आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करते हैं। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेंद्र गोयल ने कहा कि जब समाज के लोग इस तरह बेटियों के लिए आगे बढ़ते हैं, तो यह पूरे समाज के लिए सकारात्मक संदेश होता है। सीडीपीओ सुनीता शर्मा और सुपरवाइजर टीना डोडा ने महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक ने कहा कि यह आयोजन सेवा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। लायंस क्लब अध्यक्ष नितिन खदरिया ने कहा कि बेटियों के साथ जुड़ाव उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाता है और समाज में उनका महत्व बढ़ाता है। जोन चेयरपर्सन महक गर्ग ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल सामग्री वितरण नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और जागरूकता लाना है। संरक्षक राधाकृष्ण सिंगला ने कहा कि लायंस क्लब हमेशा सेवा कार्यांे में अग्रणी रहा है और आगे भी इसी भावना के साथ कार्य करता रहेगा। इस मौके पर लायंस क्लब हनुमानगढ़ सिटी की ओर से महिला स्वास्थ्य और स्वच्छता सेवा अभियान के अंतर्गत जागरूकता और वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम संयोजक हरविंद्र कौर और एमपी सिंह की देखरेख में लगभग 300 महिलाओं एवं किशोरियों को सैनिटरी पैड वितरित किए गए। साथ ही, उन्हें मासिक धर्म स्वच्छता, सही उपयोग और इससे जुड़े भ्रांतियों के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर नितिन खदरिया, मनोज सिंगला, विनीत गर्ग, साहिल जिंदल, प्रधानाचार्य अनिता पारीक सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।
