हनुमानगढ़। महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति की ओर से जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में आयोजित महिला आत्मरक्षा कौशल प्रशिक्षण एवं साइबर अपराध जागरूकता शिविर के दौरान कालिका पेट्रोलिंग टीम की ओर से छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के उपायों के बारे में बताया गया। साथ ही उन्हें ऑपरेशन लाडली, सुरक्षा सखी योजना तथा ऑपरेशन जागृति के बारे में जागरूक किया गया।

छात्राओं को गुड टच और बैड टच के विषय में समझाते हुए पोक्सो अधिनियम के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 तथा आपातकालीन नंबर 112 के उपयोग के बारे में बताया गया। महिला डेस्क की कार्यप्रणाली से भी छात्राओं को अवगत कराया गया। यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। महिला एवं बाल कल्याण सेवा समिति की अध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति में अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

