संगरिया। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत पर भारत विकास परिषद शाखा संगरिया की ओर से नई कार्यकारिणी के दायित्व ग्रहण के मौके पर श्री धन्वन्तरि गोशाला में गौसेवा प्रकल्प आयोजित किया गया। इस दौरान गायों के लिए सवामणी एवं हरे चारे की व्यवस्था की गई। सेवा कार्य में परिषद के पदाधिकारियों व सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर अध्यक्ष धर्मेन्द्र अरोड़ा ने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल सामाजिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, संस्कार और समर्पण की भावना के साथ समाज के हर वर्ग तक सहयोग पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और इस प्रकार के कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। प्रांतीय महासचिव डॉ. संजय जिन्दल ने कहा कि भारत विकास परिषद सदैव सेवा कार्यांे में अग्रणी रही है। नई कार्यकारिणी से अपेक्षा है कि वे इसी उत्साह और समर्पण के साथ समाजहित में कार्य करते हुए परिषद को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। पूर्व अध्यक्ष लवली गर्ग, कैलाश वर्मा, अरुण अरोड़ा एवं अमनदीप सिंह ने कहा कि इस प्रकार के सेवा प्रकल्प समाज में एकजुटता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि परिषद निरंतर समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करती रहेगी। इस दौरान दायित्व ग्रहण समारोह के आयोजन पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में सचिव राजेन्द्र सैन, कोषाध्यक्ष कुलविंद्र सिद्धू, पूर्व अध्यक्ष कपिल बंसल, राजकुमार अग्रवाल, राहुल गुलाटी, स्वर्ण संगर, प्रदीप सिंगला, हरीश शर्मा, विवेक गुप्ता, अमित बाघला, प्रकाश रोहिला, अरुण वर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
