हनुमानगढ़। शहर के किडलैंड पब्लिक स्कूल में गुरुवार को नए शैक्षणिक सत्र के मौके पर प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों और अभिभावकों में उत्साह और उमंग का माहौल नजर आया। नवप्रवेशित बच्चों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन-यज्ञ से हुई, जिसमें विद्यालय के संस्थापक गुंजन अग्रवाल ने बच्चों के साथ आहुति दी और उनके उज्ज्वल भविष्य, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। हवन के दौरान मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। गुंजन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि बच्चों को संस्कारवान, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और नैतिक मूल्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके। कार्यक्रम में शिक्षकों ने बच्चों को नए सत्र के प्रति प्रेरित किया और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
