खुईयां। उप तहसील खुईयां क्षेत्र में शुक्रवार को अचानक आई बेमौसम बारिश और तेज आंधी-तूफान ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। क्षेत्र के अधिकांश गांवों में चना, सरसों, गेहूं, ईसबगोल सहित अन्य रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार कई किसानों ने फसल की कटाई कर उसे खेतों में सुखाने के लिए रखा हुआ था, लेकिन तेज आंधी और बारिश के कारण फसल भीगकर बिखर गई और खराब हो गई।

इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। भारतीय किसान संघ तहसील खुईयां के तहसील अध्यक्ष बेगराज शर्मा ने बताया कि अचानक आए तूफान, तेज आंधी और बेमौसम वर्षा ने पूरे क्षेत्र में व्यापक स्तर पर फसलों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे करवाकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों की फसल बीमित है, उनके नुकसान की भरपाई बीमा कंपनियों के माध्यम से जल्द से जल्द करवाई जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।किसान संघ ने सरकार से अपील की है कि किसानों की गंभीर स्थिति को देखते हुए त्वरित राहत प्रदान की जाए, जिससे किसान इस प्राकृतिक आपदा से उबर सकें।
