श्रीगंगानगर। लायंस इंटरनेशनल (प्रांत 3233-ई-1) की रीजन कॉन्फ्रेंस में लायंस सह प्रांतपाल द्वितीय पद के प्रत्याशी ग्वालियर के सीएस तोमर को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और अनूपगढ़ क्षेत्र के लायंस सदस्यों का भारी समर्थन प्राप्त हुआ। एक पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में प्रांतीय चुनाव के दोनों प्रत्याशियों ग्वालियर से सीएस तोमर और हिंडोन से ओपी मंगल ने अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान सीएस तोमर ने अपनी प्रभावशाली वाक्पटुता, विनम्रता और सौम्य व्यवहार से उपस्थित लायंस सदस्यों को प्रभावित किया। स्थानीय लायंस सदस्यों ने भी खुलकर तोमर के पक्ष में समर्थन व्यक्त किया। प्रांत के वरिष्ठ लायंस पदाधिकारियों और विशेषज्ञों द्वारा सीएस तोमर की जीत को लगभग सुनिश्चित माना जा रहा है। अपने संबोधन में सीएस तोमर ने कहा कि यदि उन्हें सह प्रांतपाल द्वितीय के पद पर चुना जाता है तो वे स्थायी परियोजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे और सद्भावपूर्ण वातावरण में पीड़ित मानव सेवा के नए आयाम स्थापित करने का प्रयास करेंगे। यह जानकारी लायंस क्लब हनुमानगढ़ डायमंड के सचिव लायन सिराजुदीन चायल ने दी।
