हनुमानगढ़। तलवाड़ा झील थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार चक 4-5 आरडब्ल्यूबी, मसीतांवाली निवासी सुखदेव (32) पुत्र जसवंत गुसाईं ने रिपोर्ट दी कि 2 अप्रैल की रात करीब 8.45 बजे उसके ताऊ का लड़का प्रहलाद पुत्र शंकरलाल मोटर साइकिल नम्बर आरजे 31 एसयू 1766 पर सवार होकर डबली कलां से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान चक 8 डीबीएल डबली खुर्द के पास एक ट्रक नम्बर एचआर 62 ए 7100 के चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में प्रहलाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत टिब्बी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दुर्घटना में मोटर साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक फरसराम को सौंपी है।
