ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार सिरसा साइबर थाना पुलिस ने फर्जी लिंक के जरिए 53,700 रुपये की ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को राजस्थान के नागौर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि भूर्टवाला निवासी पीड़ित रणबीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 फरवरी 2026 को उसके व्हाट्सएप नंबर पर अज्ञात नंबर से बीबीटीवी नाम का एक लिंक भेजा गया था। जैसे ही उसने उस लिंक पर क्लिक किया, उसके मोबाइल में बीबीटीवी नाम का एक एप डाउनलोड हो गया। कुछ समय बाद ग्रामीण बैंक में उसके खाते से 53,700 रुपये कट गए। जब तक पीड़ित को इस धोखाधड़ी का एहसास हुआ, तब तक साइबर अपराधी उसके खाते से 53,700 रुपये निकाल चुके थे। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर थाना सिरसा की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सुराग जुटाते हुए घटना में संलिप्त आरोपी छोटू राम पुत्र मूलाराम निवासी नगढ़ी, जिला नागौर (राजस्थान) को नागौर से काबू कर लिया। साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच के दौरान जो भी व्यक्ति इस ठगी के नेटवर्क में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सिरसा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान ऑनलाइन लिंक, निवेश योजना या टेलीग्राम ऑफर के लालच में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन को दें।
संवाददाता- रमेश भार्गव
