हनुमानगढ़। शहर में बढ़ती निराश्रित पशुओं की समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद ने सख्ती शुरू कर दी है। जिला कलक्टर व नगर परिषद आयुक्त के निर्देश पर शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सफाई निरीक्षक रमनदीप कौर के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने विभिन्न वार्डांे में घर-घर जाकर पशुपालकों से संपर्क किया और उन्हें अपने पालतू पशुओं को सड़कों पर नहीं छोड़ने की समझाइश की। टीम ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर पशु छोड़ने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। सफाई निरीक्षक रमनदीप कौर ने बताया कि इससे पहले भी पशुपालकों को दो बार नोटिस जारी कर पालतू पशुओं को सड़कों पर न छोड़ने के लिए पाबंद किया जा चुका है। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर अब सख्ती बरती जा रही है। नगर परिषद ने चेतावनी दी है कि निर्देशों की अवहेलना करने वाले पशुपालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
