हनुमानगढ़। राजस्थान अधीनस्थ कंप्यूटर कर्मचारी संघ हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष पद के लिए रविवार को हुए चुनाव में ओमप्रकाश बेनीवाल ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी दिव्यांशु को 16 मतों से हराया। निर्वाचन अधिकारी सुखपाल सिंह ने बताया कि जिलाध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों—सूचना सहायक दिव्यांशु और सहायक प्रोग्रामर ओमप्रकाश बेनीवाल—ने नामांकन दाखिल किया था। रविवार को हुए मतदान में कुल 94 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव परिणाम में दिव्यांशु को 38 मत, ओमप्रकाश बेनीवाल को 54 मत मिले, जबकि एक मत नोटा के पक्ष में पड़ा और एक मत निरस्त घोषित किया गया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाचन अधिकारी सुखपाल सिंह ने ओमप्रकाश बेनीवाल को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश बेनीवाल ने कहा कि वे संगठन के हितों को सर्वोपरि रखते हुए सभी सदस्यों की जायज मांगों को पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने चुनाव में समर्थन देने के लिए आईटी यूनियन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पारीक, नरेश सुथार, पंकज गौड़, गुरुसेवक सिंह, मनदीप सिंह, हितेश सोनगरा, नवीन गर्ग, श्योचंद ढाका, अनिल कुमार, पूनम, पवन कुमार सहित जिले के सूचना सहायक और सहायक प्रोग्रामर मौजूद रहे।
