चारणवासी। फेफाना थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। नए एएसपी की नियुक्ति और थानाधिकारी नरेंद्र सहू के पदभार संभालने के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद थी, लेकिन हालिया चोरी की वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाने से महज करीब आधा किलोमीटर दूर एक सूने मकान में चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। यह वारदात ग्रामीण राजेश कुमार के घर में हुई। घटना को लेकर ग्रामीणों में रोष है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि राजेश कुमार अपनी पत्नी लाजवंती के साथ 26 मार्च को श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में अपने बेटे-बहू से मिलने गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान को निशाना बनाया और करीब 4.5 तोला सोना, चांदी के बर्तन और नकदी लेकर फरार हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि जब थाने के इतने करीब चोरी हो सकती है, तो दूर-दराज की ढाणियों और मोहल्लों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ जाती है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की गश्त मुख्य सड़कों तक सीमित है, जबकि गलियों और मोहल्लों में पुलिस की मौजूदगी बहुत कम नजर आती है, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई महेंद्र कुमार को सौंपी है। हालांकि ग्रामीण अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में प्रभावी गश्त व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
संवाददाता-जयलाल वर्मा
