नोहर। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, चक राजासर में पवन कुमार चौमवाल ने अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती संतोष देवी की स्मृति में विद्यालय को एक सिलाई मशीन भेंट की। इस अवसर पर उनके पुत्र नवीन कुमार चौमावल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नोडल प्रधानाचार्य आरती कौशिक, सचिव प्रकाश चंद्र कस्वां, हॉस्टल वार्डन अनुराधा तथा छात्रावास का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। नोडल प्रधानाचार्य आरती कौशिक ने इस सराहनीय पहल के लिए दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो पाती हैं तथा उनके कौशल विकास में भी मदद मिलती है। उल्लेखनीय है कि चक राजासर में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास में कक्षा 9 से 12 तक राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को रहने, खाने, गणवेश, जूते-चप्पल, स्टेशनरी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं निशुल्क प्रदान की जाती हैं।
संवाददाता- संतोष कंकर
