पीलीबंगा। शिक्षा विभाग द्वारा जारी शिविरा पंचांग में सत्र 2026-27 के लिए ग्रीष्मकालीन अवकाश अवधि में कटौती के विरोध में मंगलवार को राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत उपशाखा पीलीबंगा के शिक्षकों ने ब्लॉक अध्यक्ष पाईलेट मीना के नेतृत्व में उपखण्ड कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षकों ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्कूल शिक्षा) राजस्थान सरकार के नाम उपखण्ड अधिकारी के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर ग्रीष्मकालीन अवकाश को पूर्व की भाँति 30 जून तक घोषित करने की मांग की। इस दौरान ब्लॉक मंत्री मीठालाल मीना ने कहा कि संघ प्रधानाचार्य द्वारा घोषित दो दिनों के स्थानीय अवकाश में कटौती का भी पुरजोर विरोध करता है। वहीं ब्लॉक उपसभाध्यक्ष सुरेन्द्र सहारण अयालकी ने राज्य सरकार से विद्यालयों में नियमित सफाई कर्मचारियों की भर्ती, पोषाहार एवं ट्रांसफर वाउचर राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

संघ के जिलाध्यक्ष जगनन्दन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के लिए विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाए तथा शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त करे, ताकि वे अपने मूल दायित्वों का बेहतर निर्वहन कर सकें और राजकीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ सके। पूर्व जिलाध्यक्ष मनोहर लाल बंसल ने शिक्षकों से प्रवेशोत्सव अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया, जिससे सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को सरकारी सुविधाओं का समुचित लाभ मिल सके। इस दौरान संघ का प्रतिनिधिमंडल मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पीलीबंगा श्रीमती मधुबाला पुनियां से भी मिला और पीडी मद के अध्यापकों के वेतन का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग रखी। इस पर सीबीईओ ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए पीडी मद के वेतन बिल शीघ्र अग्रेषित करने का भरोसा दिलाया। प्रदर्शन में वरिष्ठ शिक्षक नेता साहबराम भादू, नोरंग भारती, कुलविंदर शर्मा, सुरेश शर्मा, पन्नालाल शर्मा, संजय चौधरी, सतीश सहारण, इमीलाल, अमीलाल जयपाल, मुकेश कुमार, सुखमन सिंह, कैलाश मीना, सुनील मीना, मीठालाल मीना, सुरेन्द्र सहारण, जगनन्दन सिंह, पाईलेट मीना, मनोहर लाल बंसल सहित अनेक शिक्षक मौजूद रहे।
