-कुत्ते के हमले से मासूम गंभीर घायल: चेहरे की चमड़ी निकली, 20 टांके आए
बांसवाड़ा। जिले के दानपुर क्षेत्र के कुंडल गांव में गुरुवार सुबह एक कुत्ते के हमले में 5 वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई। कुत्ते ने बच्ची के चेहरे पर हमला कर एक तरफ का गाल बुरी तरह नोच दिया, जिससे चेहरे की चमड़ी तक निकल गई। घायल बच्ची के चेहरे पर 20 टांके लगाने पड़े हैं। इस घटना में दो अन्य लोग भी कुत्ते के हमले का शिकार होकर घायल हो गए। जानकारी के अनुसार कुंडल निवासी लक्ष्मण अपनी पत्नी और पांच वर्षीय बेटी काव्यांशी के साथ दानपुर कस्बे में किराए के कमरे में रहते हैं। लक्ष्मण की कुंडल कस्बे में किराना दुकान है। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे काव्यांशी घर के आंगन में खेल रही थी, तभी अचानक एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसके चेहरे को बुरी तरह नोच दिया। बेटी की चीख सुनकर मां बाहर आई और किसी तरह कुत्ते को भगाया। तब तक कुत्ते के हमले से काव्यांशी के चेहरे के एक हिस्से की चमड़ी निकल गई थी और होठ के ऊपर का हिस्सा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान दानपुर कस्बे में काम से आए दो अन्य ग्रामीणों पर भी उसी कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में बारी निवासी मांगु बाई पत्नी कालू और कलवानी निवासी प्रभुलाल भी घायल हो गए। घटना के बाद तीनों घायलों को तत्काल दानपुर पीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बांसवाड़ा के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर हर्ष चौधरी के अनुसार बच्ची के चेहरे पर गहरा घाव है। थोड़ी और चोट लगती तो होठ और नाक को भी गंभीर नुकसान हो सकता था। संक्रमण से बचाव के लिए घाव में जगह छोड़कर टांके लगाए गए हैं। बच्ची को वार्ड में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। बेटी की हालत देखकर मां अस्पताल परिसर में ही बेसुध हो गई और रोने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे संभाला।
