-सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियों पर नाराजगी, सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
चूरू। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल द्वारा अंतरजातीय विवाह को लेकर दिए गए बयान के बाद शुरू हुई बयानबाजी के बीच अब पार्टी कार्यकर्ता खुलकर उनके समर्थन में उतर आए हैं। शुक्रवार को महावीर प्लाजा में आयोजित कार्यक्रम में आरएलपी नेताओं ने बेनीवाल पर हो रही टिप्पणियों को लेकर कड़ा रुख अपनाया। कार्यक्रम में आरएलपी नेता विजय पूनिया ने कहा कि बेनीवाल द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद कुछ लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके खिलाफ गलत टिप्पणियां कर रहे हैं, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते ऐसी टिप्पणियों पर रोक नहीं लगी, तो पार्टी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगी। इस दौरान युवा नेता देवेश चौधरी ने भी अपनी बात रखते हुए विभिन्न संगठनों से अपील की कि वे अंतरजातीय विवाह के मुद्दे पर हनुमान बेनीवाल को लेकर कोई विवादित टिप्पणी न करें और इस विषय को राजनीतिक रंग देने से बचें। चौधरी ने कहा कि बेनीवाल 36 कौमों को साथ लेकर चलने वाले नेता हैं और युवाओं के बीच एक आइकॉन के रूप में स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि बेनीवाल हर वर्ग और समाज के लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हर समाज अपने रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार चलता है, जिनका सम्मान किया जाना चाहिए। किसी भी संगठन को एक समाज के नाम पर अंतरजातीय विवाह को बढ़ावा देने जैसे मुद्दों को लेकर समाज में विभाजन पैदा नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम में राजकुमार फगेड़िया, संदीप कपूरिया, महेंद्र कड़वासरा, सूर्यभान, जयप्रकाश गोदारा, मुकेश गोदारा, राकेश मेहरा, प्रवीण झाझड़िया, किशन कस्वां और सोनू जाखड़ सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
