श्रीगंगानगर। जिले के घमुड़वाली थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन करते हुए जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने घमुड़वाली थाना प्रभारी (एसएचओ) को हटाने की मांग भी उठाई। ग्रामीणों का आरोप है कि थानाधिकारी आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल बना हुआ है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं और नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की निष्क्रियता को लेकर भी नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि थानाधिकारी की मनमानी के कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है। असामाजिक तत्व खुलेआम घूम रहे हैं और नशा तस्करी पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे आम नागरिकों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
