सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बेटे ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से लैब टेक्नीशियन की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के नैपालापुर इलाके की है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शिवेश सिंह (40) ने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से लैब टेक्नीशियन सतीश यादव (35) के सिर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद सतीश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक सतीश यादव आजमगढ़ का रहने वाला था और करीब दो महीने पहले ही लखनऊ की नौकरी छोड़कर सीतापुर में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत हुआ था। वह उसी मकान की पहली मंजिल पर अन्य कर्मचारियों के साथ रहता था, जहां ग्राउंड फ्लोर पर ब्लड बैंक संचालित होता है। घटना के पीछे आपसी विवाद बताया जा रहा है। गुरुवार रात शिवेश और सतीश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गई।

गुस्से में आकर शिवेश अपने पिता के कमरे में गया और अटैची से लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर सतीश पर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए और मौके पर पहुंचे तो सतीश खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी शिवेश सिंह को हिरासत में ले लिया है और वारदात में इस्तेमाल रिवॉल्वर को कब्जे में कर लिया गया है। लैब को सील कर दिया गया है। सीओ सदर नेहा त्रिपाठी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है और उसे बाइपोलर डिसऑर्डर की समस्या है, जिसके चलते उसका व्यवहार अस्थिर रहता था। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
