रावतसर। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रावतसर में शुक्रवार को शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रवेशोत्सव एवं हाउसहोल्ड सर्वे को लेकर निरीक्षण किया गया। इस दौरान पर्यवेक्षण एवं संबलन कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।

माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर से सहायक निदेशक धर्मेंद्र दनेवा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रणवीर सहू एवं अतिरिक्त प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी प्रेम दुधवाल ने विद्यालय का दौरा कर विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का गहन अवलोकन किया। अधिकारियों ने विशेष रूप से हाउसहोल्ड सर्वे, निःशुल्क बैग वितरण, नामांकन बढ़ाने के प्रयासों तथा विद्यालय में किए जा रहे नवाचारों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के तहत नवप्रवेशी विद्यार्थियों को अधिकारियों द्वारा निःशुल्क बैग वितरित किए गए, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्यदेव राठौड़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने विद्यालय के समर्पित प्रयासों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
संवाददाता- नरेश
