संगरिया। “जीना तो है उसी का जिसने यह राज जाना, है काम आदमी का औरों के काम आना”—इन पंक्तियों को साकार करते हुए संगरिया में सेवादारों ने मानवता की अनूठी मिसाल पेश की है। डेरा सच्चा सौदा की ‘इंसानियत’ मुहिम के तहत एक बेसहारा मानसिक रूप से परेशान युवक को नया जीवन देने का सराहनीय प्रयास किया गया। जानकारी के अनुसार, सेवादार जगतार सिंह इन्सां को डबवाली रोड पर एक करीब 30 वर्षीय युवक बेहद दयनीय स्थिति में भटकता मिला। उसके कपड़े मैले-कुचैले थे, बाल जटाओं में उलझे हुए थे और नाखून काफी बढ़े हुए थे। युवक भूख-प्यास से व्याकुल था और लंबे समय से अस्वच्छ हालत में रह रहा था। सूचना मिलने पर शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमेटी के सेवादार मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस को सूचित करने के बाद युवक को मानवता भलाई केंद्र संगरिया लाया गया। यहां उसकी कटिंग-शेविंग करवाई गई, स्नान कराया गया और साफ कपड़े पहनाए गए। कुछ ही घंटों में युवक का हुलिया पूरी तरह बदल गया और वह बिल्कुल सामान्य नजर आने लगा।

आंध्र प्रदेश का बताया खुद को, परिजनों की तलाश जारी
प्राथमिक देखभाल के बाद युवक ने अपना नाम ‘मांजू’ और पिता का नाम ‘सुरेश’ बताया है। उसने खुद को आंध्र प्रदेश का निवासी बताया और अंग्रेजी भाषा भी समझ रहा है। फिलहाल सेवादार सोशल मीडिया और पुलिस प्रशासन की मदद से उसके परिजनों की तलाश कर रहे हैं।
सैकड़ों लोगों को मिला चुके हैं परिवार से
सेवादार महेश इन्सां ने बताया कि पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की प्रेरणा से संगरिया ब्लॉक अब तक सैकड़ों गुमशुदा मानसिक रूप से परेशान लोगों का इलाज कर उन्हें उनके परिवारों से मिलवा चुका है।
सेवा कार्य में इनका रहा सहयोग
इस सेवा कार्य में भाई लालचंद इन्सां, महेश गोयल इन्सां, लवली गर्ग इन्सां, संदीप बाघला इन्सां, विनोद हांडा इन्सां, अमरा राम इन्सां, सुखदेव इन्सां और सुरेन्द्र जग्गा इन्सां सहित कई सेवादारों का विशेष योगदान रहा।
सूचना देने की अपील
उक्त युवक के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर आमजन से अपील की गई है कि वे सहायता केंद्र के नंबर 9413714295, 9413514414, 8005630276 पर संपर्क करें। युवक फिलहाल मानवता भलाई केंद्र में सुरक्षित है और सेवादारों की देखरेख में है।
संवाददाता- सुरेंद्र जग्गा
