हनुमानगढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के विधि विभाग एवं लीगल एड क्लिनिक की ओर से डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को स्पीच, क्विज तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में संविधान, सामाजिक न्याय, समानता, मौलिक अधिकारों तथा मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, संविधान निर्माण में उनकी भूमिका, शिक्षा, सामाजिक परिवर्तन और न्याय के विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि डॉ. अंबेडकर के विचार युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। ऐसे आयोजन छात्र-छात्राओं में संविधानिक चेतना, तार्किक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान विधि विभाग के प्राध्यापक, लीगल एड क्लिनिक टीम, शोधार्थी एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
