हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने रेलवे मेडिकल कॉलोनी स्थित आरपीएफ थाना के कांस्टेबल के मकान में घुसकर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा अधिकतर सामान बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेन्द्र कुमार उर्फ भोलू (25) पुत्र महेंद्र निवासी आईटी बस्ती, जंक्शन व संदीप सिंह उर्फ सिल्लू (39) पुत्र हंसा सिंह निवासी आनंद विहार कॉलोनी, जंक्शन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरपीएफ पोस्ट हनुमानगढ़ जंक्शन में कांस्टेबल पद पर तैनात उम्मेद शर्मा पुत्र हीरानंद निवासी रेलवे मेडिकल कॉलोनी ने चार अप्रैल को रिपोर्ट दी कि अज्ञात आरोपी उसके मकान में घुसकर चोरी कर ले गए। मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई राजेन्द्र बुडानिया को सौंपी गई। जांच के दौरान अज्ञात आरोपियों की पहचान जितेन्द्र कुमार उर्फ भोलू व संदीप सिंह उर्फ सिल्लू के रूप में हुई। इन दोनों आरोपियों के एक अन्य मामले में जेल में बंद होने की जानकारी मिली। इस पर दोनों को जिला कारागृह से प्रोडक्शन वारंट पर हासिल कर इस प्रकरण में गिरफ्तार किया। आरोपियों का तीन दिन का पीसी रिमांड मंजूर करवाया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा सामान में से गैस सिलेंडर, एक चांदीनुमा छोटा मन्दिर, एक स्टील की बरनी 5 किलोग्राम की, एक बाल फ्रेश मशीन, एक दाढ़ी बनने वाली मशीन की बरामदगी की गई। आरोपियों से चोरीशुदा लैपटॉप सहित अन्य सामान की बरामदगी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई राजेंद्र बुडानिया व कांस्टेबल सुरेंद्र सांखला शामिल रहे। पुलिस के अनुसार आरोपी चिट्टे का नशा करने के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए चोरी करते हैं।
