हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित सैन धर्मशाला में सैन जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के वरिष्ठजनों, मेधावी विद्यार्थियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, शिक्षा और प्रगति पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर 70 वर्ष या उससे अधिक आयु वर्ग के कुल 22 वरिष्ठजनों को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया गया। समाज के बुजुर्गों के अनुभव और योगदान को सराहते हुए वक्ताओं ने उन्हें समाज की धरोहर बताया। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 47 मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और समाज का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में राजकीय सेवा में चयनित तीन युवाओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके इस उपलब्धि को समाज के लिए गर्व का विषय बताते हुए अन्य युवाओं को भी प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। समाज के पूर्व प्रधान ओमप्रकाश जाखड़ एवं नवनियुक्त अध्यक्ष देवीलाल भाटी द्वारा सभी प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

इस दौरान सचिव कृष्ण गहलोत ने समाज की वित्तीय आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही का संदेश गया। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र सिंह गहलोत और ओमप्रकाश जाखड़ ने अपने संबोधन में समाज के लोगों से संगठित रहने और सामूहिक प्रयासों से विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और एकता ही समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।

नवनियुक्त अध्यक्ष देवीलाल भाटी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज के उत्थान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सैन धर्मशाला के विकास हेतु 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम में बृजलाल सैन, गणेशी लाल गहलोत, सोहनलाल सैन सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और सामाजिक एकता का माहौल देखने को मिला।
