हनुमानगढ़। जिले में निराश्रित पशुओं की समस्या एक बार फिर सामने आई जब रतनपुरा चौराहे के पास सड़क पर घूम रहे पशुओं के कारण कांग्रेस के व्यापार एवं उद्योग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मारवाल की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार सुरेन्द्र मारवाल बुधवार को संगरिया विधायक से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में संगरिया क्षेत्र में स्थित रतनपुरा चौराहे के पास अचानक सड़क पर आए निराश्रित पशुओं के कारण उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में उनके साथ कृष्ण स्वामी भी मौजूद थे। गनीमत रही कि इस हादसे में दोनों ही लोग बाल-बाल बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद सुरेन्द्र मारवाल ने जिला प्रशासन और स्थानीय नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जिले में निराश्रित पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि निराश्रित पशुओं को नियंत्रित करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।
