हनुमानगढ़। नगर परिषद के पूर्व सभापति पवन अग्रवाल का रविवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। पवन अग्रवाल के निधन की खबर मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारिक वर्ग के लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्हें एक सरल, मिलनसार और विकासशील सोच रखने वाले जनप्रतिनिधि के रूप में याद किया जा रहा है। नगर परिषद के सभापति के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान पवन अग्रवाल ने शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से कई विकास कार्य पूरे हुए, जिससे हनुमानगढ़ की आधारभूत सुविधाओं में सुधार आया। शहरवासियों का कहना है कि पवन अग्रवाल का जाना हनुमानगढ़ के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। उनकी ओर से किए गए कार्य और योगदान हमेशा याद किए जाएंगे। परिजनों के अनुसार, स्वर्गीय पवन अग्रवाल का अंतिम संस्कार सोमवार सुबह 9 बजे हनुमानगढ़ टाउन स्थित कल्याण भूमि में किया जाएगा।
