हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र के गांव 14 केएसपी के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई। टाउन थाना पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मृतक का शव पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार मुकेश कुमार (26) पुत्र साहबराम नाई निवासी किशनपुरा दिखनादा ने रिपोर्ट पेश की कि उसके पिता साहबराम मोटर साइकिल पर सवार होकर शेरगढ़ से किशनपुरा दिखनादा लौट रहे थे। जब वे 14 केएसपी के पास पहुंचे तो पीछे से आए ट्रैक्टर नंबर आरजे 31 आरबी 8286 के चालक ने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए आगे चल रही मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। इससे उसके पिता चोटें लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज के दौरान उसके पिता साहबराम की मृत्यु हो गई। मामले की जांच एएसआई राजाराम स्वामी कर रहे हैं।
