नोहर। अरड़की बस स्टैंड के पास स्थित गुरुद्वारा शीन तलाई साहिब के प्लॉट पर बीती रात उस समय हंगामा हो गया जब करीब डेढ़ दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया। इस दौरान बदमाशों ने वहां तैनात चौकीदार के साथ मारपीट की और उसे धमकाकर मौके से भगा दिया। घटना की सूचना मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्य बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस के पहुंचने पर स्थिति बिगड़ती देख बदमाश मौके से भागने लगे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने कुछ बदमाशों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और बड़ी संख्या में सिख समाज के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। जानकारी के अनुसार, विवादित प्लॉट बाबा प्रीतम सिंह के नाम बताया जा रहा है, लेकिन आरोप है कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेज तैयार कर खुद को प्रीतम सिंह बताकर इस बेशकीमती भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में इस तरह की दो-तीन घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि यह संगठित तरीके से की जा रही कब्जा करने की कोशिश है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
